July 31, 2026

रीजनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में जीवा स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित

रीजनल आर्चरी प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले जीवा पब्लिक स्कूल के तीरंदाज।

Faridabad/Alive News: पंजाब के गिद्दड़बाहा में आयोजित रीजनल आर्चरी टूर्नामेंट में जीवा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में स्कूल के तीन तीरंदाजों का चयन आगामी CISCE राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।

इस प्रतियोगिता में जीवा पब्लिक स्कूल सहित 11 आईसीएसई स्कूलों के करीब 150 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच जीवा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और फरीदाबाद का नाम रोशन किया।

अंडर-14 बालिका वर्ग में कक्षा 8A की दृष्टिका सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में कक्षा 10A के आरुष चंदीला ने 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। अंडर-17 बालिका वर्ग में कक्षा 9C की नैनिका सिंह ने चौथा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि दृष्टिका सिंह, आरुष चंदीला और नैनिका सिंह का चयन आगामी CISCE National Archery Championship के लिए हुआ है। यह उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्कूल के ये खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।