Noida/Alive News: रविवार को तेज धूप के बीच लोगों को उमस का सामना करना पड़ा, लेकिन राहत की खबर यह है कि सप्ताह की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रविवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। ग्रेटर नोएडा का मध्यम श्रेणी में बना हुआ है।
मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सप्ताह के अंत तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बारिश की संभावना के बीच शहर की हवा की गुणवत्ता भी संतोषजनक बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार को नोएडा का एक्यूआई 78 दर्ज किया गया, जो ग्रीन जोन में है। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 103 रहा, जो येलो जोन और मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।

