Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7,69,308 रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य आरोपितों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धीरज (25) और प्रवीण मीणा (28) निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों जयपुर में एक होटल का संचालन करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने अपने साथी समीर से बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया गया। इस मामले में खाताधारक विकास और समीर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले की शिकायत सेक्टर-64 निवासी एक महिला ने दर्ज कराई थी। महिला को व्हाट्सएप पर घर बैठे कमाई का लालच देकर टेलीग्राम ऐप डाउनलोड कराया गया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे कराने के बाद कुछ राशि देकर भरोसा जीता गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच अलग-अलग बैंक खातों में 7,69,308 रुपये जमा करा लिए गए। रकम वापस न मिलने पर पीड़िता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

