July 24, 2026

पेपर लीक पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, राहुल गांधी बोले- छात्रों का अपमान मत कीजिए

पेपर लीक मुद्दे पर वीडियो संदेश जारी करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रतिक्रिया देते कांग्रेस नेता राहुल गांधी।

New Delhi/Alive News: देशभर में पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए और भी सख्त कानून बनाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए बेहद गंभीर और दर्दनाक मामला है। उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही सरकार ने कम समय में 22 लाख छात्रों की दोबारा परीक्षा कराई और समय पर उसके परिणाम भी घोषित किए।

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार अब पेपर लीक के मामलों में तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों ने इसका मसौदा तैयार कर लिया है और संसद के अगले सत्र में इसे जल्द पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दोषियों को कड़ी और जल्दी सजा मिल सके।

उधर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो के जरिए छात्रों की भावनाओं का सम्मान नहीं किया गया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर तीन मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, छात्रों पर कार्रवाई करने वालों को सजा दी जाए और सरकार छात्रों से माफी मांगे।

इसी मुद्दे पर गुरुवार शाम विपक्षी दलों के करीब 100 सांसद दिल्ली स्थित गांधी स्मृति पहुंचे। वहां उन्होंने पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों और आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों को श्रद्धांजलि दी।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष छात्रों की आवाज उठाता रहेगा और सरकार को इस मामले में जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रहेगी।