Faridabad/Alive News: फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने 5,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पलवल जिले के गांव उटावड़ निवासी वकील उर्फ पिकअप के रूप में हुई है। वह वर्ष 2025 में थाना सदर बल्लभगढ़ में दर्ज गौ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को गुप्त सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव उटावड़ में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी फरार होकर दक्षिण भारत में ट्रक चालक के रूप में काम कर रहा था। करीब 10 दिन पहले ही वह अपने गांव लौटा था। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गौवंश से भरे कैंटर को आरोपी ही चला रहा था। वारदात के दौरान पुलिस ने कैंटर को मौके से ही कब्जे में ले लिया था।
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में गौ तस्करी, वाहन चढ़ाने का प्रयास और फायरिंग के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। उस समय कैंटर में 21 गोवंश मिले थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही बरामद कर लिया था।

