July 22, 2026

बौछार से सुधरी हवा, शहर के एक्यूआई ग्रीन जोन में

Noida/Alive News:  दिल्ली-एनसीआर में दो सप्ताह पहले हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला था और एक्यूआई करीब 40 तक पहुंच गया था। हालांकि कुछ दिनों बाद प्रदूषण स्तर फिर बढ़ने लगा। मंगलवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव के साथ हल्की बारिश और बादल छाए रहने से हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया।

मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम सुहावना बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी और बारिश के कारण शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स ग्रीन जोन में पहुंच गया, जिससे लोगों ने एक बार फिर साफ हवा में राहत की सांस ली।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम 33 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 34 तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 62 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 73 दर्ज किया गया। दोनों शहरों की वायु गुणवत्ता ग्रीन जोन में रही, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहतर मानी जाती है।