July 21, 2026

पेड़ के नीचे सो रहे व्यक्ति का मोबाइल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फोन बरामद

Faridabad/Alive News: थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में पेड़ की छांव में सो रहे एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तिगांव रोड, बल्लभगढ़ निवासी 21 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। उसे 19 जुलाई को तिगांव रोड बाईपास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, भगत सिंह कॉलोनी निवासी एक हलवाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को वह खाना खाने के बाद हरिओम स्वीट्स के सामने पेड़ की छांव में सो गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से बेरोजगार था और पैसों की जरूरत के चलते उसने सो रहे व्यक्ति का मोबाइल चोरी किया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।