July 21, 2026

मोबाइल हैक कर 40 हजार की ठगी मामले में खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा मोबाइल हैक साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी।

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मोबाइल फोन हैक कर 40 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरदेव (27) निवासी उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने खाताधारक बलजिंद्र का बैंक खाता अमरजीत से लेकर आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध कराया था। आरोपी 10वीं पास है और ट्रक ड्राइवर का काम करता है। मामले में खाताधारक बलजिंद्र और अमरजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, चावला कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 4-5 जून को उसका मोबाइल फोन हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से ₹40,000 निकाल लिए गए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। तकनीकी जांच और बैंक खातों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी गुरदेव को गिरफ्तार किया।