July 21, 2026

सरकारी स्कूल का हेडमास्टर बनकर ईंट व्यापारी से 1.45 लाख की साइबर ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार

ईंट खरीदने के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी वाजिद, रामअवतार और अफरान के खिलाफ कार्रवाई करती फरीदाबाद पुलिस

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल ने सरकारी स्कूल का हेडमास्टर बनकर ईंट खरीदने के बहाने 1,45,400 रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अपचारी बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाजिद (डीग, राजस्थान), रामअवतार (फिरोजपुर झिरका, नूंह), अफरान (फिरोजपुर झिरका, नूंह) और एक अपचारी बालक के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले गूगल मैप पर “Building Material Provider Near Me” सर्च कर ईंट भट्टा मालिक का मोबाइल नंबर हासिल किया। इसके बाद वाजिद ने खुद को तिगांव स्थित सरकारी स्कूल का हेडमास्टर बताकर शिकायतकर्ता को ईंटों का ऑर्डर दिया और भरोसा जीत लिया।

आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 1.62 लाख रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज भेजे। इसके बाद कथित हेडमास्टर बनकर बेटे की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और पैसों की तत्काल जरूरत बताई। शिकायतकर्ता ने बिना बैंक बैलेंस जांचे अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 1,45,400 रुपये आरोपियों के खाते में भेज दिए।

जांच में सामने आया कि अपचारी बालक ने वाजिद को सिम कार्ड उपलब्ध कराया था। रामअवतार ने अपना बैंक खाता अफरान को दिया और अफरान ने वही खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। इस खाते में ठगी के 60 हजार रुपये जमा हुए थे।

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ठगी की पूरी रकम बरामद कर ली गई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।