Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने जिले में सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 6,990 रुपये की जुआ राशि भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा एनआईटी को सूचना मिली थी कि अनखीर सब्जी मंडी के पास सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर रामकिशोर, निवासी बदरपुर (दिल्ली), को 2,020 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी तरह दीपक गुलाटी, निवासी न्यू जनता कॉलोनी, फरीदाबाद, को मेवला महाराजपुर अंडरपास के पास सट्टा लगाते हुए पकड़ा गया। उसके पास से 1,220 रुपये बरामद हुए।
एक अन्य कार्रवाई में सेक्टर-11 पुलिस चौकी की टीम ने मोहित, निवासी रामनगर सेक्टर-8, को सेक्टर-11 क्षेत्र से दो हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। वहीं नवीन नगर पुलिस चौकी की टीम ने सूरज, निवासी बसंतपुर, फरीदाबाद, को नवीन नगर सोसाइटी से 1,750 रुपये के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

