Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने शहर की ठोस अपशिष्ट (Solid Waste) प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से पार्षदों एवं कूड़ा प्रबंधन से जुड़े वेंडर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने की।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर आयोजित बैठक में कूड़ा संग्रहण, समयबद्ध उठान, वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने सभी बल्क वेस्ट जनरेटर (Bulk Waste Generators) से समय रहते अपने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने और नगर निगम के नियमों के अनुसार कचरे का प्रबंधन सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने वेंडर्स को निर्देश दिए कि वे पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर घर-घर से कूड़ा एकत्र करें तथा सुबह 9 बजे तक निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा पहुंचाएं। साथ ही लोगों को जागरूक करें कि वे कूड़ा केवल निर्धारित वाहन में ही डालें और खुले स्थानों या नालों में कचरा न फेंकें।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी कूड़ा फेंकने, स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने या ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वेंडर्स एवं अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार चालान और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित पक्षों से मिलकर फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने का आह्वान किया।

