July 13, 2026

फरीदाबाद: स्वच्छता और हरियाली पर निगम आयुक्त सख्त, एक सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान, हर वार्ड में लगेंगे 101 पौधे

नगर निगम फरीदाबाद में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्वच्छता अभियान और मेगा पौधारोपण के निर्देश देते निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा।

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद के निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सोमवार को निगम मुख्यालय में इंजीनियरिंग, सफाई एवं हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर की स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण, सी एंड डी वेस्ट हटाने और हरियाली बढ़ाने को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आगामी एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर कूड़े के ढेर और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) वेस्ट हटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही 17 जुलाई को प्रत्येक वार्ड में 101 पौधे लगाने के लिए मेगा पौधारोपण अभियान चलाने की घोषणा की।

बैठक में जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव, जॉइंट कमिश्नर बल्लभगढ़ जोन करण सिंह, निगम सचिव अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, हॉर्टिकल्चर विभाग तथा सफाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान निगम आयुक्त ने हाल ही में नियुक्त 41 सहायक सफाई निरीक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि अगले एक सप्ताह तक सभी जूनियर इंजीनियर (JE) और सहायक सफाई निरीक्षक प्रतिदिन फील्ड में रहेंगे। हर सुबह अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम एक किलोमीटर सड़क की विशेष सफाई कराई जाएगी, जबकि दोपहर के समय लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेर और सी एंड डी वेस्ट को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाएगा।

निगम आयुक्त ने अधिकारियों को पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे सभी स्थानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां कूड़ा या सी एंड डी वेस्ट जमा है, ताकि समयबद्ध तरीके से सफाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में शहर के पार्कों की स्थिति, रखरखाव, पौधारोपण, सिंचाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण की भी समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने हॉर्टिकल्चर विभाग को पार्कों में नियमित रखरखाव, घास की कटाई, सफाई और नए पौधे लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को प्रत्येक वार्ड में वार्ड समितियों, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 101 पौधे लगाए जाएंगे। इस मेगा पौधारोपण अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में अभियान को सफल बनाएंगे।