July 12, 2026

बांकीपुर सीट पर BJP का बड़ा फैसला: अभिषेक ‘बंटी’ का टिकट कटा, नीरज सिन्हा बने उम्मीदवार

बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार बदलने के बाद राजनीतिक हलचल

Patna/Alive News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ का टिकट वापस लेकर उनकी जगह नीरज सिन्हा को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक सिन्हा के माता-पिता का नाम बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाले से जुड़ा रहा है। यह मामला सामने आने के बाद बीजेपी ने डैमेज कंट्रोल करते हुए उम्मीदवार बदलने का फैसला लिया।

चारा घोटाले से जुड़ा परिवार का नाम
अभिषेक सिन्हा के पिता रविंद्र प्रसाद सिन्हा चारा घोटाले में दोषी ठहराए जा चुके हैं। वे कथित तौर पर घोटाले से जुड़ी निजी सप्लायर कंपनी मेसर्स मगध केमिकल कॉरपोरेशन के मैनेजर थे। सीबीआई की विशेष अदालत ने उन्हें 3 वर्ष की सजा और 50,000 रुपए जुर्माना सुनाया था।

अभिषेक की मां चंचला सिन्हा को भी चाईबासा ट्रेजरी मामले में दोषी ठहराते हुए 3 वर्ष की सजा और 80,000 रुपए जुर्माना दिया गया था। हालांकि डोरंडा कोषागार से जुड़े एक अन्य मामले में उन्हें वर्ष 2023 में राहत मिल गई थी।

बीजेपी की तैयारी पर उठे सवाल
बांकीपुर सीट बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में उम्मीदवार घोषित करने के बाद अंतिम समय में बदलाव होने से पार्टी की उम्मीदवार चयन प्रक्रिया और बैकग्राउंड जांच को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है।

क्या था चारा घोटाला?
1990 के दशक का चारा घोटाला बिहार के सबसे चर्चित भ्रष्टाचार मामलों में शामिल रहा है। इस मामले में पशुपालन विभाग से फर्जी बिलों और दस्तावेजों के जरिए करीब ₹950 करोड़ की अवैध निकासी का आरोप था। इस घोटाले में कई अधिकारियों, कारोबारियों और राजनीतिक नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई थी।

बांकीपुर सीट पर मुकाबला होगा दिलचस्प
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उम्मीदवार बदलने के बाद बांकीपुर सीट का मुकाबला और रोचक हो गया है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) भी चुनावी मैदान में सक्रिय हैं, जिससे इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।