July 11, 2026

AC ठीक करने आया, जाते-जाते कॉपर पाइप चुरा ले गया; आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: में एसी रिपेयर करने आए एक युवक ने कंपनी की छत पर रखी एसी की कॉपर पाइप ही चोरी कर ली। मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 किलो 300 ग्राम कॉपर पाइप बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित, निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एसी रिपेयरिंग का काम करता है। 7 जुलाई 2026 को वह एक कंपनी में एसी ठीक करने गया था। काम पूरा होने के बाद उसकी नजर कंपनी की छत पर रखी कॉपर पाइपों पर पड़ी। मौका मिलते ही उसने पाइप चोरी कर ली।

पुलिस के अनुसार, इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज़ के एचआर विभाग के अंकित बंसल ने शिकायत दी थी कि कंपनी की छत पर रखी एसी की कॉपर पाइप 7 जुलाई को चोरी हो गई थीं। शिकायत के आधार पर 8 जुलाई को थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई कॉपर पाइप बरामद कर ली।