July 9, 2026

डेंगू-मलेरिया से निपटने की तैयारी, जिला अस्पताल में दस बेड का वार्ड तैयार  

Noida/Alive News: मानसून की शुरुआत के साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। नोएडा  सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया के संभावित मरीजों के लिए दस बेड का अलग वार्ड तैयार किया गया है। हालांकि, अब तक गौतमबुद्ध नगर में डेंगू या मलेरिया का कोई मामला सामने नहीं आया है।

जिला अस्पताल में इन दिनों सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, ओपीडी में आने वाले करीब 60 फीसदी मरीज वायरल बुखार, सर्दी और खांसी जैसी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर मरीजों की जांच के साथ डेंगू और मलेरिया की आशंका को भी ध्यान में रख रहे हैं।

संचारी रोग अभियान के तहत जागरूकता
स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टीमें लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और दिमागी बुखार जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बता रही हैं। लोगों से घर और आसपास पानी जमा न होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।

सीएमएस बोले- पूरी तैयारी
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि अस्पताल डेंगू और मलेरिया को लेकर पूरी तरह तैयार है। संभावित मरीजों के लिए अस्पताल में पहले से ही पांचवी मंजिल पर दस बेड का डेंगू मलेरिया वार्ड बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर बेड की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। अस्पताल में जांच और इलाज की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।