June 16, 2026

नोएडा ई-बस सेवा की खुली पोल: 2 घंटे इंतजार के बाद मिली बस, लौटते समय भी यात्रियों को करना पड़ा इंतजार

शुरुआती दिनों में ही संचालन व्यवस्था पर उठे सवाल, कई निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकी बस; यात्रियों ने सुविधा की सराहना की लेकिन समय की नियमितता पर जताई चिंता।

Prabhjot Kaur/Alive News
Noida :
शहर में हाल ही में शुरू की गई ई-बस सेवा को लेकर जमीनी स्तर पर कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। सोमवार को सेवा की वास्तविक स्थिति जानने के लिए हमारी महिला संवाददाता द्वारा की गई पड़ताल में बसों की समय पर अनियमित उपलब्धता और निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकने जैसी समस्याएं देखने को मिलीं।

संवाददाता ने सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर 12 बजे तक बोटैनिकल गार्डन बस स्टैंड पर ई-बस का इंतजार किया, लेकिन इस दौरान एक भी बस नहीं पहुंची। तेज गर्मी के बीच यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। बस स्टॉप पर मौजूद दैनिक यात्री राधा ने बताया कि उन्हें यह जानकारी तक नहीं थी कि नोएडा में ई-बस सेवा शुरू हो चुकी है।

करीब दो घंटे बाद सेक्टर-37 बस स्टैंड पर एक ई-बस खड़ी मिली, जो अपने रूट का पहला चक्कर लगाने की तैयारी में थी। उस समय बस में केवल एक यात्री मौजूद था, जिसने चार मूर्ति तक जाने के लिए 30 रुपये का टिकट लिया था।

बस सेक्टर-37 से रवाना होकर गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर रुकी, जहां से दो यात्री सवार हुए। इसके बाद बस नोएडा बस स्टैंड और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर रुकी, लेकिन होशियारपुर, ग्राम बसेई और पृथला जैसे निर्धारित स्टॉप पर बिना रुके आगे बढ़ गई। इससे मार्ग पर इंतजार कर रहे संभावित यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रूट पर यात्रियों की संख्या भी बेहद कम दिखाई दी। सेक्टर-37 से चार मूर्ति तक पहुंचते-पहुंचते बस में केवल एक यात्री ही बचा था। चार मूर्ति पहुंचने के बाद बस सीधे जेवर के लिए रवाना हो गई। वहीं वापसी में सेक्टर-37 आने के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बावजूद कोई दूसरी ई-बस उपलब्ध नहीं हुई।

हालांकि यात्रियों ने ई-बस की सुविधाओं और कम किराए की सराहना की। दिल्ली निवासी सुनील चौधरी ने कहा कि कम किराए में आरामदायक सीटों के साथ सफर का अनुभव अच्छा रहा। महिला यात्री कृष्णा ने भीषण गर्मी के बीच इस सेवा को राहत भरा कदम बताते हुए इसे सरकार की अच्छी पहल बताया।

रोडवेज बसों की जांच से जुड़े अधिकारी जितेंद्र ने भी ई-बस सेवा को सुविधाजनक बताते हुए कहा कि यात्रा आरामदायक और सुगम है तथा भविष्य में भी वह इसी सेवा का उपयोग करना पसंद करेंगे।

फिलहाल, ई-बस सेवा यात्रियों को आधुनिक और किफायती यात्रा का विकल्प तो दे रही है, लेकिन नियमित संचालन, बसों की पर्याप्त उपलब्धता और सभी निर्धारित स्टॉप पर ठहराव सुनिश्चित करना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।