June 15, 2026

सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर का 68वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

फरीदाबाद के सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में 68वें वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालु।

Faridabad/Alive News: मार्केट नंबर-1 स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर का 68वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

रविवार शाम को आयोजित बालाजी की भव्य चौकी में प्रसिद्ध भजन गायकों रोहित कपूर और दीपक लक्खा ने अपने मधुर भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के दौरान बालाजी का केक काटकर प्राण-प्रतिष्ठा दिवस मनाया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

सोमवार सुबह हवन का आयोजन किया गया, जिसमें मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया, मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों ने आहुति अर्पित की। इसके बाद 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ और विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में वार्ड नंबर-9 की पार्षद संगीता भाटिया और नीरज भाटिया मुख्य यजमान रहे।

इसके उपरांत आयोजित भजन संध्या में रोहित कपूर ने बालाजी के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भक्तों ने जयकारों के साथ बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर भगवान को भोग लगाया गया और प्रसाद वितरित किया गया।

दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने बताया कि हनुमान जी के प्राण-प्रतिष्ठा दिवस और मंदिर स्थापना दिवस को हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने कई दिनों तक तैयारी की थी।

इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।