June 12, 2026

जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने निकाली पैदल परेड, वीडियो वायरल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस सुरक्षा में पैदल चलते तृणमूल नेता जहांगीर खान।

Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें पैदल ले जाते दिखाई दे रहे हैं। जिस इलाके में कभी जहांगीर खान का दबदबा माना जाता था, वहीं अब उनकी गिरफ्तारी के बाद यह तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है।

जहांगीर खान को उत्तरी बंगाल के पानीटंकी इलाके में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां सरकारी पक्ष की मांग पर अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

बताया जा रहा है कि फाल्टा पुलिस थाने में जहांगीर खान के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं। इससे पहले 26 मई को कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें मिली अंतरिम राहत भी समाप्त कर दी थी।

जहांगीर खान ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फाल्टा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव के दौरान वह काफी चर्चा में रहे थे। उपचुनाव से पहले केंद्रीय बलों और पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी भी की थी, जिसके बाद राज्य की राजनीति में विवाद बढ़ गया था।

राजनीतिक गलियारों में उस समय भी चर्चा हुई थी जब जहांगीर खान ने फिल्म ‘पुष्पा: द राइज’ के लोकप्रिय डायलॉग ‘झुकेगा नहीं’ का जिक्र करते हुए कहा था कि वह किसी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। अब उनकी गिरफ्तारी और वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।