Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव बीजोपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके भाई पर चाकू व ब्लेड से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस चौकी सिकरोना की टीम ने वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमजद और सलीम के रूप में हुई है, जो दोनों गांव बीजोपुर के ही रहने वाले हैं।
नमाज पढ़कर लौट रहे भाइयों पर किया ताबड़तोड़ हमला
पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गांव बीजोपुर के रहने वाले पीड़ित समीर ने पुलिस चौकी सिकरोना में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में समीर ने बताया कि बीती 28 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह अपने भाई आमिर के साथ ईदगाह में नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहा था।
जैसे ही दोनों भाई ईदगाह से बाहर निकले, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे अमजद, मुस्कान, सलीम और मोमीन ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि दोनों भाई कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर चाकू और ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में समीर को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
छेड़छाड़ की रंजिश में बदला लेने के लिए रची साजिश
सिकरोना पुलिस चौकी की टीम ने मामले की गहनता से जांच करते हुए आरोपी अमजद और सलीम को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ और तफ्तीश में इस खूनी हमले के पीछे की मुख्य वजह भी सामने आ गई है।
जांच में खुलासा हुआ कि पीड़ित समीर ने कुछ समय पहले आरोपी अमजद की पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी। इस संबंध में समीर के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में पहले से एक मामला दर्ज है। इसी बात की रंजिश मन में पाले हुए अमजद ने अपने साथियों के साथ मिलकर समीर और उसके भाई आमिर पर जानलेवा हमला करने की साजिश रची थी।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

