June 7, 2026

ऑनलाइन सीट बुकिंग करने वाली बसों पर चलेगा शिकंजा, 9 से 11 जून तक विशेष अभियान

Noida/Alive News: ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार टिकट बुकिंग कर स्टेज कैरिज की तरह संचालित होने वाली बसों के खिलाफ परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 9 से 11 जून तक प्रदेशव्यापी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (AITP) से संचालित उन बसों को चिन्हित किया जाएगा, जो परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर यात्रियों को सीटवार टिकट जारी कर रही हैं।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण ने बताया कि विशेष अभियान के लिए प्रवर्तन टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा विभिन्न टोल प्लाजाओं पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। अभियान के दौरान परिवहन विभाग, यात्रीकर विभाग और रोडवेज अधिकारियों की संयुक्त टीमें बसों की सघन जांच करेंगी।
उन्होंने बताया कि जिन बसों का संचालन पर्यटन परमिट की शर्तों के विपरीत पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार चालान, जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य अवैध यात्री परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गौतमबुद्ध नगर में भी प्रवर्तन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार मई माह में 242 बसों की जांच की गई। विभिन्न नियमों के उल्लंघन के मामलों में करीब एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बकाया कर के रूप में 67 लाख रुपये की वसूली भी की गई।
परिवहन विभाग का मानना है कि इस विशेष अभियान से अवैध रूप से संचालित बसों पर अंकुश लगेगा और परिवहन व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगी।