June 7, 2026

छात्रों की पहली पसंद बना जीबीयू, पहली काउंसलिंग में 650 से ज्यादा दाखिले

Noida/Alive News: आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल के चलते गौतमबुद्ध कॉलेज (जीबीयू) छात्रों की पहली पसंद बनता जा रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पहली प्रवेश काउंसलिंग में ही 650 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले लिया। कॉलेज के इतिहास में यह पहली बार है जब प्रथम काउंसलिंग चरण में इतनी बड़ी संख्या में दाखिले हुए हैं।

कॉलेज प्रशासन के मुताबिक इस बार बीटेक, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, जनसंचार एवं पत्रकारिता, प्रबंधन अध्ययन और लॉ जैसे कोर्स में छात्रों ने सबसे अधिक रुचि दिखाई। कई कोर्स में बड़ी संख्या में सीटें पहले ही चरण में बुक हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए अभ्यर्थियों ने कॉलेज के बहुआयामी शैक्षणिक वातावरण, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी फैकल्टी और शोध एवं नवाचार के अवसरों को देखते हुए यहां प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। कॉलेज की बढ़ती प्रतिष्ठा और प्लेसमेंट संभावनाएं भी छात्रों को आकर्षित कर रही हैं।