June 6, 2026

फरीदाबाद में मेगा सफाई अभियान शुरू, कल भी चलेगा अभियान

Faridabad/Alive News: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में विशेष मेगा सफाई अभियान शुरू किया। यह अभियान वार्ड नंबर 40, 36 और 15 में चलाया गया, जो कल भी जारी रहेगा।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान में कूड़ा उठाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। अलग-अलग जोन में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वार्ड-40 में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शहर को साफ और हराभरा रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने की अपील की।

इस दौरान निगम कर्मचारियों को भी बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कई पार्षद, निगम अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

इसी तरह वार्ड-36 में पार्षद कुलदीप साहनी और जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार की मौजूदगी में अभियान शुरू हुआ। वहीं वार्ड-15 में निगम सचिव अनिल यादव और सरदार जसवंत सिंह के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया।

नगर निगम ने कहा कि आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाई अभियान जारी रहेगा। लोगों से भी शहर को साफ रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।