June 6, 2026

फरीदाबाद के ओयो होटल में मारपीट और लूट मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित ओयो होटल में मारपीट और लूटपाट के मामले में क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष उर्फ ईका और सेतू के रूप में हुई है। दोनों शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर के रहने वाले हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 जून को दयालबाग रोड, लकड़पुर इलाके से गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मुख्य आरोपी वंश के साथी हैं। वंश अपने साथ हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए इन्हें ओयो होटल लेकर गया था। मनीष और सेतू होटल के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि वंश और उसके अन्य साथी अंदर जाकर मारपीट कर रहे थे। मुख्य आरोपी वंश को पहले ही गिरफ्तार कर 6 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक 19 मई को 10 से 15 युवक पाइप और डंडे लेकर सेक्टर-37 स्थित ओयो होटल में घुस गए थे। आरोपियों ने होटल कर्मचारियों और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और कमरे में रखा आईफोन तथा बैग से 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।

इस मामले में सेक्टर-37 निवासी एक महिला की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।