Faridabad/Alive News: बदलते शहरी विकास, पर्यावरण अनुकूल निर्माण और वास्तुकला के नए नवाचारों पर चर्चा के लिए 20 जून को ‘प्रकृति-2026’ सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में देशभर से करीब 350 आर्किटेक्ट्स भाग लेंगे।
सेमिनार की तैयारियों को लेकर रविवार को आईआईए फरीदाबाद केंद्र की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के कई वरिष्ठ आर्किटेक्ट्स मौजूद रहे। इस दौरान ‘प्रकृति-2026’ सेमिनार का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया।
बैठक में आर्किटेक्ट निर्मल मखीजा, रवि सिंगला, अजय गौतम, सुरेंद्र सिंह, सुभाष यदुवंशी और पुलकित गुप्ता समेत कई आर्किटेक्ट्स ने हिस्सा लिया। सभी ने बदलते शहरी माहौल में वास्तुकला की भूमिका, हरित निर्माण और नई तकनीकों के उपयोग पर अपने विचार साझा किए।
नगर निगम के सेवानिवृत्त वरिष्ठ योजनाकार एवं आर्किटेक्ट रवि सिंगला ने बताया कि ‘प्रकृति-2026’ को एक साझा मंच के रूप में तैयार किया गया है, जहां आर्किटेक्ट, डिजाइनर, छात्र और उद्योग जगत से जुड़े लोग एक साथ आकर अपने अनुभव और विचार साझा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ विकास और हरित वास्तुकला को बढ़ावा देना है।
सेमिनार में पैनल चर्चा, वास्तुकला और छात्र प्रदर्शनियां तथा व्यावसायिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके जरिए प्रतिभागियों को नई तकनीकों और वास्तुकला क्षेत्र के ताजा नवाचारों की जानकारी मिलेगी।
बैठक में सभी आर्किटेक्ट्स से आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि ‘प्रकृति-2026’ वास्तुकला क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मजबूत मंच प्रदान करेगा और टिकाऊ भविष्य की दिशा में सामूहिक सोच को आगे बढ़ाएगा।

