June 6, 2026

 विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता शिविर का आयोजन

Faridabad/Alive News: भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी, महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा आयुष सिन्हा उपायुक्त एवं अध्यक्ष  जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन में एवं सचिव बिजेंद्र स्रोत  के नेतृत्व में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर पृथला स्थित वी जी इंडस्ट्रियल एंटरप्राइजेज में तंबाकू एवं नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर अनुक्रम भाटी, मनोविज्ञानी, बी के सामान्य अस्पताल, फरीदाबाद ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि बीड़ी, सिगरेट एवं तंबाकू के सेवन से फेफड़े गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं तथा टीबी, श्वास संबंधी रोग, कैंसर और अन्य कई जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

कार्यक्रम के दौरान वी जी इंडस्ट्रियल एंटरप्राइजेज की एचआर हेड  एकता ने कर्मचारियों को कंपनी की तंबाकू एवं नशामुक्त कार्यस्थल नीति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी परिसर में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद, बीड़ी, सिगरेट अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित है।

अंत में सभी कर्मचारियों को तंबाकू एवं नशा मुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में आर पी हँस, आजीवन सदस्य रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद, एवं नशा मुक्ति केंद्र के स्टाफ राजेश, अमर, महादेव एवं अन्य स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा |