Faridabad/Alive News : आगरा नहर के किनारे लंबे समय से भारी मात्रा में जमा कूड़े-कचरे और कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट को पूरी तरह साफ करने के लिए नगर निगम फरीदाबाद के ओल्ड जोन द्वारा एक विशेष मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह व्यापक अभियान नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों तथा जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
इस विशेष अभियान के तहत आगरा नहर के किनारों और ओमेक्स न्यू हाइट्स सेक्टर-86 सहित इसके आसपास के तमाम प्रभावित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सफाई कार्य किया गया। इस महा-सफाई अभियान को गति देने के लिए नगर निगम ने 35 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा 6 जेसीबी मशीनों की भारी-भरकम फौज उतारी, जिसकी सहायता से नहर किनारे वर्षों से जमे मलबे और कचरे को पूरी तरह साफ किया गया। इस पूरे अभियान की जमीनी निगरानी एसडीओ सुरेंद्र खट्टर द्वारा मुस्तैदी से की गई।
नागरिकों से सहयोग की अपील, कूड़ा फेंकने वालों को दी हिदायत
जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य न केवल पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है, बल्कि स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने आम जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वच्छता स्वयंसेवकों तथा शहर के सजग नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने सख्त लहजे में लोगों से आग्रह किया कि भविष्य में कोई भी नागरिक आगरा नहर के किनारे या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर घरेलू अपशिष्ट, प्लास्टिक कचरा अथवा निर्माण सामग्री का मलबा न फेंके। स्वच्छ एवं हरित फरीदाबाद का सपना तभी साकार हो सकता है जब सभी लोग जिम्मेदारी समझेंगे। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर को सुंदर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

