June 6, 2026

फरीदाबाद में फर्जी आर्म्स लाइसेंस रैकेट का भंडाफोड़ : क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने फौजी सहित 2 आरोपियों को दबोचा

fake-arms-license-racket-busted-in-faridabad

जम्मू-कश्मीर से बनते थे जाली लाइसेंस, पंजाब के गन हाउस का कारिंदा खुद को मालिक बताकर चला रहा था खेल

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने फर्जी तरीके से आर्म्स (शस्त्र) लाइसेंस बनवाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिनकी पहचान फतेहपुर बिल्लोच फरीदाबाद निवासी ओमबीर और अबोहर फाजिल्का, पंजाब निवासी हरीश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव जाजरू बल्लभगढ़ के रहने वाले मनीष ने थाना सदर बल्लभगढ़ में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ओमबीर, मनीष के चाचा के लड़के नवीन के साथ फौज में नौकरी करता था। ओमबीर ने नवीन को झांसा दिया कि उसकी ऊपर तक अच्छी सेटिंग है और वह पैसे लेकर असली शस्त्र लाइसेंस बनवा देगा।

इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता के भाई कुलवंत ने ओमबीर के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से 95,000 ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ओमबीर, कुलवंत को पंजाब के फाजिल्का स्थित ‘न्यू गन हाउस’ लेकर गया, जहां उसने राजेश नाम के एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात करवाई। जांच में यह भी सामने आया कि ओमबीर इसी तरह करीब 54 लोगों से आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

क्राइम ब्रांच की गहन पूछताछ में इस फर्जीवाड़े की परतें खुलीं। पता चला कि आरोपी ओमबीर की मुलाकात एक अन्य माध्यम से हरीश नाम के व्यक्ति से हुई थी। हरीश असल में पंजाब के फाजिल्का में स्थित ‘न्यू गन हाउस’ में महज एक कर्मचारी (कारिंदा) है, लेकिन वह लोगों के सामने खुद को गन हाउस का असली मालिक ‘राजेश’ बताता था।

हरीश ने जम्मू-कश्मीर के किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी आर्म्स लाइसेंस तैयार करवाए थे। इस सौदे के तहत ओमबीर ने हरीश के पास 82,000 भेजे थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस इस रैकेट से जुड़े जम्मू-कश्मीर और पंजाब के अन्य नेटवर्क व धोखाधड़ी की रकम बरामद करने का प्रयास करेगी।