June 6, 2026

फरीदाबाद के मास्टर ट्रेनर चंडीगढ़ में फर्स्ट एड की नई तकनीकों का ले रहे प्रशिक्षण

Faridabad/Alive News: इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी मुख्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित फर्स्ट एड मास्टर ट्रेनर्स रिफ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स का आयोजन 27 मई से 29 मई तक चंडीगढ़ के सेक्टर-42 सी स्थित होटल चंडीगढ़ बेकोंस में किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की मेजबानी इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की पंजाब स्टेट ब्रांच कर रही है।

इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से 35 मास्टर ट्रेनर हिस्सा ले रहे हैं। सभी प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. इत्तेंद्रपाल सिंह बाली प्रशिक्षण दे रहे हैं।

फरीदाबाद से इशांक कौशिक, रविंद्र कुमार मनचंदा, दर्शन भाटिया, मीनू कौशल और गीता उत्प्रेति इस कोर्स में भाग ले रहे हैं। हरियाणा से कुल 9 मास्टर ट्रेनर इस रिफ्रेशर ट्रेनिंग में शामिल हुए हैं।

पूर्व प्राचार्य और मास्टर ट्रेनर रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को नई गाइडलाइंस के अनुसार जीवन बचाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान प्रैक्टिकल अभ्यास, डेमो और अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियों के उदाहरण देकर ट्रेनिंग कराई जा रही है।

नेशनल मास्टर ट्रेनर इशांक कौशिक और रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि प्रतिभागियों को फ्रैक्चर, ब्लीडिंग, बेहोशी और ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफ्रिबिलेटर (AED) जैसे विषयों पर गहन अभ्यास कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपदा और आपातकालीन स्थिति में ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाने के लिए ट्रेनर्स को बेहतर तरीके से तैयार करना है।