June 6, 2026

फरीदाबाद: बेटी की शादी पर पुलिस विभाग दे रहा 2.50 लाख, डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने 3 पुलिसकर्मियों को सौंपे चेक

फरीदाबाद में डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने हरियाणा पुलिस की ‘शगुन योजना’ के तहत 3 पुलिस कर्मचारियों को ढाई-ढाई लाख रुपये के चेक सौंपे। बेटी की शादी के लिए मिलती है यह सहायता।

Faridabad/Alive News : हरियाणा पुलिस द्वारा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक (DGP) हरियाणा के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मचारियों की बेटियों के विवाह के लिए “शगुन योजना” संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत विभाग द्वारा कर्मचारी की बेटी के विवाह पर ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता शगुन स्वरूप प्रदान की जाती है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मुख्यालय हिमाद्री कौशिक द्वारा फरीदाबाद पुलिस के 3 पात्र कर्मचारियों को शगुन योजना के तहत ढाई-ढाई लाख रुपए के चेक वितरित किए गए हैं।

शगुन योजना की मुख्य बातें और नियम: कर्मचारी की बेटी की शादी पर शगुन के रूप में 2,50,000 की राशि दी जाती है। इस विशेष योजना का लाभ एक पुलिस कर्मचारी को अधिकतम दो बेटियों की शादी तक ही मिल सकता है। इस योजना से पुलिस परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से संबल प्रदान करना।

इस अवसर पर डीसीपी मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा चलाई जा रही यह योजना पुलिस कर्मचारियों को बड़े खर्चों के समय आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लाभार्थी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हैं और विभाग के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं।

प्रेस रिलीज के अंत में बताया गया कि फरीदाबाद पुलिस द्वारा भविष्य में भी सरकार और विभाग द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र और जरूरतमंद कर्मचारी तक समय पर पहुंचाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।