June 6, 2026

फरीदाबाद: पानी का बिल भरने के नाम पर 15.34 लाख की ठगी, साइबर थाना बल्लभगढ़ ने गुजरात से दबोचा दूसरा आरोपी

Faridabad/Alive News : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने पानी का बिल भरने के बहाने APK (एप्लीकेशन) फाइल भेजकर 15,34,699 रुपये की बड़ी साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मोहम्मद शाद जाफर अली के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद, गुजरात का रहने वाला है। पुलिस ने उसे 23 मई को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मोहम्मद शाद जाफर अली ने अपने एक अन्य साथी के माध्यम से करीब 7 लाख रुपये के अलग-अलग बिजली के बिलों की जानकारी मुख्य ठगों तक पहुंचाई थी। इसके बाद ठगी के जरिए उड़ाए गए पैसों का इस्तेमाल इन बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

स्कूल के बैंक खाते से साफ किए थे 15.34 लाख रुपये
यह पूरा मामला सेक्टर-9, फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर आधारित है। पीड़ित का शहर में एक स्कूल है और स्कूल के बैंक खाते में उनके अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड था।

ऐसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा : बीती 9 दिसंबर को अकाउंटेंट ने स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी कि उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर अचानक लगातार ट्रांजैक्शन से जुड़े OTP (वन टाइम पासवर्ड) आ रहे हैं। इसके साथ ही खाते से पैसे कटने के मैसेज भी प्राप्त हो रहे हैं।

जांच में उड़े होश : जब तुरंत बैंक खाते की जांच की गई, तो पता चला कि जालसाजों ने स्कूल के खाते से कुल 15,34,699 रुपये पार कर दिए थे। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।