Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नगर निगम द्वारा आयोजित जनसुनवाई शिविर में शहर के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में करीब 60 शिकायतें दर्ज की गईं।
कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में पानी, सीवर, सफाई, टूटी सड़कें, अवैध कब्जे और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतें सबसे ज्यादा सामने आईं।
सेक्टर-45 के लोगों ने पानी की कमी और खराब सीवर लाइन की शिकायत की। सेक्टर-81 के निवासियों ने सफाई व्यवस्था और टूटी सड़कों की समस्या उठाई। वहीं सैनिक कॉलोनी के लोगों ने पेयजल आपूर्ति में दिक्कत की जानकारी दी। अधिकारियों ने जल्द मौके पर जाकर जांच और समाधान का भरोसा दिया।
सेक्टर-11 के निवासियों ने अवैध कब्जों की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा कई लोगों ने प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी परेशानियां बताईं, जिस पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
वार्ड-20 में अवैध कमर्शियल गतिविधियों की शिकायत भी सामने आई। एसजीएम नगर के पार्षद मनोज नास्वा ने बताया कि सड़क निर्माण का वर्क ऑर्डर जारी हुए करीब आठ महीने हो चुके हैं, लेकिन काम अभी तक शुरू नहीं हुआ। इस पर अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-3 के 36 गज क्षेत्र से गंदे पानी की शिकायत आई, जबकि एनआईटी क्षेत्र के निवासी जग मित्तल ने पानी की समस्या उठाई। बसेलवा कॉलोनी से भी प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड में जाकर समस्याओं का निरीक्षण करें, ताकि लोगों की परेशानियों का जल्दी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई शिकायत दोबारा शिविर में आती है तो वे खुद अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण करेंगी।
इस दौरान जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह, पीआरओ जोगेंद्र रावत, पार्षद कुलदीप साहनी, मनोज नास्वा, दीपक यादव, पवन यादव, जसवंत सैनी, प्रदीप टोंगर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

