June 6, 2026

ई-कॉमर्स के दौर में बदला डाकघर का स्वरूप

Noida/Alive News: नोएडा में डाकघरों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। कभी चिट्ठियों और मनीऑर्डर तक सीमित रहने वाला पोस्ट ऑफिस अब ई-कॉमर्स के बढ़ते दौर में एक बड़े पार्सल हब के रूप में उभर रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच रोजाना कई  पार्सल की डिलीवरी हो रही है, जिससे डाक विभाग के कामकाज में जबरदस्त इजाफा हुआ है। आज डाकघर लोगों के लिए एक भरोसेमंद और सुविधाजनक विकल्प बनकर सामने आ रहा है।

नोएडा सेक्टर-19 स्थित डाकघर के मुख्य प्रधान मनोज कुमार के अनुसार, यहां रोज सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक स्पीड पोस्ट के लिए लोगों की लंबी कतारें लगती हैं। प्रतिदिन करीब 400 पार्सल स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे जाते हैं, जिनमें लगभग 25 अंतरराष्ट्रीय पार्सल शामिल होते हैं, जबकि शेष राष्ट्रीय स्तर के होते हैं। नजदीकी स्थानों के पार्सल एक दिन में भेज दिए जाते हैं, जबकि दूरदराज और अंतरराष्ट्रीय पार्सलों में थोड़ा अधिक समय लगता है।

लगातार बढ़ रही पार्सलों की संख्या के साथ काम का दबाव भी बढ़ा है, लेकिन विभाग द्वारा डिलीवरी सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले जहां लोग डाकघर में केवल चिट्ठियां भेजने आते थे, वहीं अब आधार कार्ड अपडेट, बैंक खाता खोलने, बीमा सेवाएं, बिल भुगतान, पासपोर्ट आवेदन और पार्सल भेजने जैसी कई सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा, कई छोटे व्यापारी भी अपने व्यापार के लिए डाकघर की सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। वे अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए स्पीड पोस्ट और अन्य सेवाओं का सहारा ले रहे हैं। इस संबंध में डाकघर में रोज हजार से ऊपर की संख्या में लोग आते है।  बदलते समय के साथ डाकघर अब केवल पारंपरिक सेवा केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक मल्टी-सर्विस हब के रूप में विकसित हो रहा है।