Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 10 लाख 44 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि 2 लाख 57 हजार 678 रुपये अलग-अलग खातों में फ्रीज कराए गए हैं।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में फरीदाबाद के साइबर थानों की टीम लगातार साइबर ठगी करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 2 मई से 8 मई के बीच साइबर थाना एनआईटी और सेंट्रल की टीमों ने 8 मामलों में कार्रवाई करते हुए 35 साइबर अपराधियों को पकड़ा।
इस दौरान पुलिस ने 598 शिकायतों का निपटारा भी किया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत सोनी, करण सिंह, मुरारी भाई पटेल, जैद, अमित व्यास, सुमित शर्मा, मयंक शर्मा, विशाल सैनी, विकास उर्फ विक्की, मोहम्मद असरार उल हक समेत कई अन्य आरोपी शामिल हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें और किसी भी लालच में न आएं। अगर किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या ऑनलाइन वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

