Faridabad/Alive News: थाना पल्ला क्षेत्र में युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम झा निवासी रोशन नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दिल्ली के जैतपुर निवासी साहिल ने शिकायत दी थी कि वह 29-30 अप्रैल की रात अपने दोस्त नितिन के पास इस्माइलपुर स्थित कमरे पर रुका हुआ था। 30 अप्रैल की सुबह करीब 4:30 बजे प्रियांशु, प्रेम झा, अनुराग, मनीष और मन्नान वहां पहुंचे और कमरे में घुसकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी साहिल को जबरदस्ती कमरे से बाहर ले गए और मोटरसाइकिल पर बैठाकर पहले अमृता अस्पताल की तरफ और फिर डिफेंस कॉलोनी, दिल्ली ले गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई और बाद में आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 मई को आरोपी प्रेम झा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में सामने आया कि 1 अप्रैल को रोशन नगर में मानस नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, पीड़ित साहिल हत्या के आरोपी अमन का साथी है, जबकि गिरफ्तार आरोपी मृतक मानस के दोस्त हैं। इसी रंजिश में बदला लेने के लिए आरोपियों ने साहिल का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

