June 6, 2026

शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर 12.50 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 12 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के पालघर जिले से पकड़ा गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-10 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि जुलाई 2025 में उसकी फेसबुक के जरिए एक महिला से पहचान हुई थी। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने खुद को इंटरनेशनल करेंसी एक्सचेंज और फॉरेक्स मार्केट में ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर उसे निवेश करने के लिए तैयार किया।

महिला ने शिकायतकर्ता को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी, जिनमें उसने कुल 12.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर भारी मुनाफा दिखाया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो उससे और रकम जमा कराने का दबाव बनाया गया। मना करने पर उसकी मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने उद्देश राकेश दुबे और मेहराज नाम के दो आरोपियों को 5 मई को पालघर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों मुंबई में रहते हैं और वहीं उनकी पहचान हुई थी। आरोपी मेहराज ने उद्देश का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी के 4 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस ने उद्देश राकेश दुबे को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि मेहराज को आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।