June 6, 2026

थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर, 30 लोगों ने किया रक्तदान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में “हर घर रक्तदाता” अभियान के तहत बंसी विद्या निकेतन स्कूल में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। यह शिविर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की मदद के लिए आयोजित किया गया, जिसमें पलवल डोनर्स क्लब ज्योतिपुंज और जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद का सहयोग रहा।

शिविर का आयोजन स्कूल की प्रधानाचार्या अंजु डागर, क्लब के मुख्य संयोजक विकास मित्तल और सह-संयोजक अल्पना मित्तल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत रेड क्रॉस के सचिव बिजेंद्र सौरोत और स्कूल के चेयरमैन नारायण डागर ने की।

बिजेंद्र सौरोत ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए।

आयोजकों ने बताया कि थैलेसीमिया एक आनुवांशिक बीमारी है, जिसमें बच्चों को हर 15-20 दिन में खून चढ़ाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्तदाताओं की मदद से ही इन बच्चों का जीवन चलता है।

शिविर में कुल 30 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें से करीब 10 लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कई लोगों ने सहयोग दिया।