Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शनिवार को लघु सचिवालय में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला NCORD (नशा नियंत्रण) कमेटी की बैठक हुई। इसमें जिले में नशा खत्म करने के लिए बनाई गई योजना की समीक्षा की गई और अलग-अलग विभागों के काम का जायजा लिया गया।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई। एडीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे मिलकर तय लक्ष्यों के अनुसार काम करें और योजनाओं को जमीन पर सही तरीके से लागू करें।
एडीसी ने कहा कि नशा खत्म करना सिर्फ प्रशासन का काम नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। इसके लिए स्कूल, कॉलेज, उद्योग और गांवों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि युवाओं को नशे के नुकसान के बारे में बताया जा सके।
पुलिस विभाग को अवैध नशे के कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों को बेहतर बनाने और इलाज व काउंसलिंग की सुविधा मजबूत करने को कहा गया।
एडीसी ने यह भी कहा कि नशे से प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए काउंसलिंग, पुनर्वास और स्किल डेवलपमेंट पर खास ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में सीटीएम अंकित कुमार, सिविल सर्जन जयंत आहूजा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

