June 6, 2026

जनगणना ड्यूटी कर रहें प्रगणकों के लिएहीट वेव की एडवाइजरी जारी 

Faridabad/Alive News: हरियाणा में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने एक मई 2026 से जिला में वास्तविक हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना संचालन के फील्ड कार्य में लगे सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारी अपनी सेहत की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और केवल अनुकूल मौसम परिस्थितियों में ही फील्ड विजिट करें। अत्यधिक गर्मी के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें तथा कार्य का समय स्थानीय मौसम के अनुसार निर्धारित करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड कर्मचारी पर्याप्त मात्रा में पेयजल अपने साथ रखें और नियमित रूप से पानी, ओआरएस व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। उन्होंने हल्के व ढीले सूती कपड़े पहनने तथा सिर को ढकने के लिए टोपी, दुपट्टा या छाता उपयोग करने की सलाह दी, जिससे गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके। इसके साथ ही, कर्मचारियों को बीच-बीच में छायादार या ठंडे स्थानों पर विश्राम करने और दोपहर के अत्यधिक गर्म समय में भारी कार्य से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि सभी फील्ड कर्मचारी हीट से संबंधित लक्षणों जैसे चक्कर आना, कमजोरी, मतली या शरीर का तापमान बढ़ना आदि के प्रति सतर्क रहें। यदि किसी कर्मचारी में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत ठंडे स्थान पर ले जाकर तरल पदार्थ उपलब्ध कराएं और आवश्यक होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाई जाए।

उन्होंने चार्ज अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर नियमित निगरानी रखें, पेयजल और प्राथमिक उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा मौसम संबंधी सलाह के अनुसार फील्ड कार्य की समय-सारणी निर्धारित करें। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया, ताकि जनगणना 2027 का कार्य सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।