June 6, 2026

हत्या के मामले में सालों से फरार चल रहे बाप बेटा गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ के अंतर्गत हत्या के एक पुराने मामले में 10-12 साल से फरार चल रहे बाप लाल सिंह व बेटा कृष्ण उर्फ कारे को गिरफ्तार किया है। जो गांव छपरौला, थाना सदर पलवल के रहने वाले हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 जुलाई 2012 को थाना शहर बल्लभगढ़ के अंतर्गत चावला कॉलोनी में बिजेंद्र सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले वर्ष 2012 में लाल सिंह व कृष्ण उर्फ कारे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था व अभियोग का चालान न्यायालय में दे दिया गया था। इसके उपरांत जमानत के बाद से ही आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।

उन्होंने आगे बताया कि अदालत द्वारा लाल सिंह को 6 अक्टूबर 2014 व कृष्णा उर्फ कारे को 5 जुलाई 2016 को उद्घोषित अपराधी (PO) बनाया था। आरोपीगण गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले 10-12 वर्षों से राजस्थान, मथुरा, वृंदावन व पलवल आदि स्थानों पर ठिकाने बदल-बदल कर रह रहे थे और अपनी पहचान छुपाते हुए कानून से बचने का प्रयास कर रहे थे।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों बाप बेटा को पलवल क्षेत्र से काबू करने में सफलता हासिल की है। जिनको न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।