Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव मच्छगर में मां की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ललित के रूप में हुई है। उसकी पत्नी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को ओमवती नाम की महिला की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। इस मामले में परिवार की एक महिला ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी, जिसमें शक जताया गया था कि ओमवती की हत्या उसके बेटे और बहू ने की है।
जांच में सामने आया कि ओमवती अपनी प्रॉपर्टी और पैसे छोटे बेटे को देना चाहती थी। इसी बात को लेकर बड़े बेटे ललित और उसकी पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और रोहतक में छिपा हुआ था। कुछ दिन पहले ही वह गांव लौटा था, जहां से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आईएमटी चौक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

