Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगी के एक मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को करनाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेख मुस्ताक अब्दुल रहीम, निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, भीमसेन कॉलोनी के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 3 जनवरी को उसे “OM SAI RAM” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में “RTO CHALLAN.apk” नाम की एक फाइल भेजी गई, जिस पर क्लिक करते ही वह उसके मोबाइल में इंस्टॉल हो गई।
इसके बाद 7 जनवरी को उसे बैंक से उसकी एफडी टूटने (प्रीमैच्योर लिक्विडेशन) का मैसेज मिला। जांच में पता चला कि उसके खाते से दो बार में कुल 7,09,000 रुपये निकाल लिए गए।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी।
आरोपी सूरत की एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर के रूप में काम करता है और काम के सिलसिले में करनाल आया हुआ था। पुलिस ने उसे तकनीकी मदद से गिरफ्तार कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

