June 6, 2026

मंडियों के नए नियमों पर हुड्डा का विरोध, बोले- किसानों के साथ हो रहा अपमान

Karnal/Alive News: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंडियों में फसल खरीद के लिए लागू किए गए नए नियमों का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि इन नियमों से किसानों को परेशानी हो रही है और उनके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है।

करनाल और नारायणगढ़ की अनाज मंडियों का दौरा करने पहुंचे हुड्डा ने कहा कि किसानों के साथ “चोरों” जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की।

हुड्डा ने कहा कि बुजुर्ग किसानों के लिए अंगूठे के निशान देना मुश्किल हो रहा है। वहीं, जिन महिलाओं के नाम पर जमीन है, उनके लिए मंडी में आकर बायोमेट्रिक कराना भी आसान नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, बायोमेट्रिक और ट्रैक्टर नंबर जांच जैसी कई शर्तें लगाकर प्रक्रिया को जटिल बना दिया है। इससे फसल खरीद धीमी हो गई है और किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

हुड्डा ने कहा कि सरकार को इन “अनावश्यक नियमों” को तुरंत हटाना चाहिए, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी फसल बेच सकें।