June 17, 2026

युगांडा आर्मी चीफ का विवादित बयान: तुर्किये से पैसे और ‘सबसे खूबसूरत महिला’ की मांग, रिश्ते तोड़ने की धमकी

International/Alive News: युगांडा के आर्मी चीफ और राष्ट्रपति के बेटे मुहूजी कैनेरुगाबा ने तुर्किये को लेकर एक बेहद विवादित बयान दिया है। उन्होंने तुर्किये से 1 अरब डॉलर (करीब 7000 करोड़ रुपये) और देश की “सबसे खूबसूरत महिला” को अपनी पत्नी बनाने की मांग की है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 30 दिनों के अंदर तुर्किये से कूटनीतिक संबंध तोड़ दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने तुर्किश एयरलाइंस पर भी रोक लगाने की चेतावनी दी।

कैनेरुगाबा ने यह भी कहा कि तुर्किये ने सोमालिया में प्रोजेक्ट्स से फायदा उठाया है, जबकि युगांडा ने आतंकवादी संगठन अल-शबाब से लड़ाई का बोझ उठाया है। इसी वजह से उन्होंने 1 अरब डॉलर की मांग रखी है।

उन्होंने अपने देश के लोगों को तुर्किये यात्रा से बचने की सलाह दी और इजराइल के समर्थन में 1 लाख सैनिक भेजने की पेशकश भी की। हालांकि, तुर्किये की तरफ से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

यह पहली बार नहीं है जब कैनेरुगाबा ने ऐसा विवादित बयान दिया हो। इससे पहले भी वे कई बार सोशल मीडिया पर विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने विपक्षी नेता को धमकी देने से लेकर दूसरे देशों के खिलाफ बयान दिए हैं, जिन पर बाद में माफी भी मांगनी पड़ी।

50 साल के कैनेरुगाबा को उनके पिता और राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है। हालांकि राष्ट्रपति ने इस बात से इनकार किया है। फिर भी राजनीतिक जानकार मानते हैं कि वे धीरे-धीरे राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।

इस पूरे मामले के बाद एक बार फिर उनके बयानों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।