June 6, 2026

पुरानी रंजिश में हमला, सेक्टर-55 इलाके से 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-55 क्षेत्र में लड़ाई-झगड़े के एक मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-55 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 5 अप्रैल को की गई। आरोपियों की पहचान सलमान (निवासी फतेहपुर तगा) और अखलेश उर्फ गंजा (निवासी गांव करनेरा, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता निशांत (निवासी करनेरा, वर्तमान में गाजियाबाद) ने बताया कि वह 2 अप्रैल को अपने भाई और दोस्तों के साथ अपने बड़े भाई से मिलने आया था। 3 अप्रैल को वापस जाते समय उसे रामवीर का फोन आया, जिसने उसे मिलने के लिए सरूरपुर बुलाया।

जब निशांत अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा, तो उसने देखा कि रामवीर अपने 7-8 साथियों के साथ गाड़ियों में मौजूद था। शक होने पर वह वापस जाने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और सेक्टर-55 के पास उसकी गाड़ी रोक ली। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। भीड़ इकट्ठा होने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस मामले में थाना सेक्टर-58 में केस दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था। गिरफ्तार आरोपी सलमान और अखलेश, मुख्य आरोपी रामवीर के साथी हैं और इस वारदात में शामिल थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई फॉक्स गाड़ी को पहले ही 3 अप्रैल को बरामद कर लिया गया था।