Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना NIT की टीम ने टेलीग्राम के जरिए हुई ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित (निवासी हिसार, वर्तमान में खरड़, चंडीगढ़) और जितेन (निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, आजाद नगर, हिसार) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, NIT फरीदाबाद की एक महिला ने शिकायत दी थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसे टेलीग्राम पर संपर्क किया। उन्होंने ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर टास्क पूरा करने के नाम पर उससे कुल 8,88,497 रुपये ठग लिए। इस शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि मोहित ने साहिल नाम के व्यक्ति का बैंक खाता लिया और अपने साथी जितेन को दे दिया। इसके बाद जितेन ने यह खाता आगे ठगों को उपलब्ध करवा दिया। इस खाते में ठगी की रकम में से 50,000 रुपये ट्रांसफर हुए थे।
दोनों आरोपी पिछले 6 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

