Faridabad/Alive News: अटाली गांव स्थित खेल स्टेडियम में शहीद नायक संदीप कालीरमन की स्मृति में रविवार को देशभक्ति रागनी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं पूर्व विधायक नयनपाल रावत और जिला परिषद के वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए इन्द्रजीत ने बताया कि इसका आयोजन नरदेव बेनीवाल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें धीरू बेनीवाल की टीम विशेष आकर्षण रहेगी। यह आयोजन गांव के सभी लोगों के सहयोग से किया जा रहा है, जिसके लिए एक कमेटी भी बनाई गई है।
कमेटी में सरपंच नफे सिंह, पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह, धर्मवीर, मास्टर जगदीश, ताराचंद, कर्मवीर, जीतमल सैनी और पूर्व सरपंच ऐदल सहित कई लोग शामिल हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे हवन यज्ञ से होगी, जबकि दोपहर 12 बजे भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि अटाली गांव के रहने वाले पैरा कमांडो नायक संदीप सिंह 12 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद शहीद हो गए थे। उन्होंने 10 पैरा कमांडो के रूप में बहादुरी दिखाते हुए आतंकियों का सामना किया। 20 फरवरी 2019 को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया था।
उनकी शहादत के बाद गांव में उनके नाम पर स्टेडियम और प्रतिमा स्थापित की गई है। देश उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।

