Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डी.ए.वी. शताब्दी कॉलेज के बी.ए. विद्यार्थियों के लिए सोमवार का दिन ज्ञान और अनुभव से भरपूर रहा। कॉलेज के मानविकी एवं कला संकाय द्वारा दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों पर एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने नेशनल म्यूजियम और इंडिया गेट का दौरा किया।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध प्राचीन विरासत और आधुनिक इतिहास से अवगत कराना था। इस शैक्षणिक यात्रा का नेतृत्व इतिहास विभाग के डॉ. मनजीत सिंह के साथ राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. नरेंद्र कुमार और भूगोल विभाग की डॉ. रेखा ने किया।
नेशनल म्यूजियम में विद्यार्थियों ने प्राचीन मूर्तिकला का अवलोकन किया और विशेष रूप से भगवान गौतम बुद्ध के जीवन एवं काल से जुड़ी दुर्लभ जानकारियों का अध्ययन किया। इस दौरान छात्रों ने ऐतिहासिक तथ्यों का गहन विश्लेषण भी किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को एक विशेष अवसर तब मिला, जब उनकी मुलाकात सुप्रसिद्ध पुरातत्वविद् के.के. मोहम्मद से हुई। छात्रों ने उनके साथ ऐतिहासिक साक्ष्यों पर चर्चा की और अपने विचार साझा किए, जिससे उन्हें विषय की गहरी समझ प्राप्त हुई।
इसके बाद छात्र इंडिया गेट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्मारक के महत्व को समझा और वहां के वातावरण का आनंद लिया। विद्यार्थियों ने इस दौरान महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों के नोट्स भी तैयार किए।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी।

