June 6, 2026

बादशाह खान अस्पताल में फिर शुरू हुआ हार्ट सेंटर, जल्द होगी एंजियोग्राफी-एंजियोप्लास्टी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में सोमवार से हार्ट सेंटर की ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। आने वाले 10 से 12 दिनों के भीतर यहां एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी शुरू होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप नीति के तहत तीन दिन पहले शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने हार्ट सेंटर का पुनः उद्घाटन किया था। इससे पहले फरवरी 2018 में यह सेंटर शुरू किया गया था, लेकिन करीब सवा साल पहले अनियमितताओं की शिकायतों के चलते इसकी व्यवस्थाएं बिगड़ गई थीं, जिसके बाद सेंटर को बंद करना पड़ा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री विपुल गोयल ने सेंटर प्रबंधन के साथ बातचीत की और सेवाओं को फिर से शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए।

हार्ट सेंटर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक मोहंती के अनुसार, फिलहाल ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं और आने वाले समय में यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार मिल सके।