June 6, 2026

फरीदाबाद में छात्रों पर हमला: लाठी-डंडों से पीटकर खेत में घसीटा, 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में तीन छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर और हाथों में लाठी-डंडे लेकर छात्रों को घेर लिया, उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा और खेत में घसीट ले गए। इस हमले में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कई युवक मिलकर छात्रों को पीटते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूद भीड़ सिर्फ तमाशा देखती रही, किसी ने भी छात्रों को बचाने की कोशिश नहीं की।

जानकारी के अनुसार, यह मामला डबुआ थाना क्षेत्र के गांव बाजड़ी का है। शिकायतकर्ता विकास त्यागी ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे देव उर्फ रामजीलाल का गांव के ही एक युवक गोलू से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया था। उस समय देव और उसके साथी ने गोलू की पिटाई कर दी थी।

इसी बात की रंजिश में गोलू अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर आया और देव के साथी तुषार, अंशुल और अभिषेक पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तीनों को खेत में घसीटकर बुरी तरह पीटा।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपियों की पहचान कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि सभी आरोपी छात्र हैं और दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।