June 6, 2026

शहीदों का बलिदान युवाओं को देगा राष्ट्र सेवा की प्रेरणा: गौरव गौतम

Faridabad/Alive News: युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से “मेरा युवा भारत मेरी जिम्मेदारी” थीम पर राज्य स्तरीय पदयात्रा का आयोजन फरीदाबाद में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है। आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

यह जानकारी हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने सूरजकुंड स्थित मानव रचना यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के फरीदाबाद को राज्य स्तरीय मुख्य केंद्र बनाया गया है, जहां मेगा शहीद पदयात्रा “मेरा भारत मेरी जिम्मेदारी” आयोजित होगी।

इस पदयात्रा में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पदयात्रा 23 मार्च को सुबह 7:00 बजे एनआईटी-05 स्थित केएल मेहता वुमन कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक तक जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

खेल मंत्री ने बताया कि 22 मार्च को श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवा स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे। 23 मार्च को पदयात्रा के दौरान प्रतिभागी तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।